दिल्ली सरकार नीट के 97 परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों के लिए ‘कूलिंग जोन’ बनाएगी

दिल्ली सरकार नीट के 97 परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों के लिए ‘कूलिंग जोन’ बनाएगी

दिल्ली सरकार नीट के 97 परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों के लिए ‘कूलिंग जोन’ बनाएगी
Modified Date: June 18, 2026 / 12:23 pm IST
Published Date: June 18, 2026 12:23 pm IST

नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) दिल्ली सरकार आगामी रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के 97 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली मेडिकल कॉलेज प्रवेश परीक्षा नीट के दौरान अभ्यर्थियों के अभिभावकों के लिए केंद्रों के बाहर ‘कूलिंग ज़ोन’ बनाएगी। विद्यार्थियों के साथ आए उनके अभिभावक परीक्षा के दौरान गर्मी में खुले आसमान के नीचे इंतज़ार करने के बजाए इन कूलिंग ज़ोन में बैठ सकते हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) परीक्षा के लिए कुल 97 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 69 सरकारी विद्यालय में तथा 28 केंद्रीय विद्यालयों में हैं।

उन्होंने कहा कि इन परीक्षा केंद्रों के आसपास जिला प्रशासन द्वारा विशेष कूलिंग जोन स्थापित किए जा रहे हैं, जहां विद्यार्थियों के अभिभावकों और परिजनों के बैठने, विश्राम करने तथा गर्मी से राहत पाने की समुचित व्यवस्था रहेगी।

गुप्ता के मुताबिक, इन कूलिंग जोन में बैठने की सुविधा, स्वच्छ पेयजल, शिकंजी, ओआरएस, चाय तथा प्राथमिक चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी ताकि अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी तो केंद्र के भीतर होते हैं, लेकिन बाहर कई घंटे तक प्रतीक्षा कर रहे माता-पिता को धूप व गर्मी में खड़ा होना पड़ता है और अक्सर देखा जाता है कि वे कभी किसी पेड़ की छांव तलाशते हैं, कभी पार्क में बैठकर समय बिताते हैं, तो कभी आसपास के बाजारों में इधर-उधर भटकते रहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे ध्यान में रखते हुए उनकी सरकार ने परीक्षा केंद्रों के बाहर कूलिंग जोन बनाने का फैसला किया है।

तीन मई को आयोजित की गई मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट को अनियमितताओं के आरोपों के बीच रद्द कर दिया गया था। अब यह परीक्षा 21 जून को पुन: आयोजित की जाएगी।

भाषा नोमान खारी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में