नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में इस साल अब तक डेंगू के 212, मलेरिया के 62 और चिकनगुनिया के 14 मामले सामने आए हैं। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की 25 जुलाई को खत्म हुए सप्ताह की ताजा रिपोर्ट से यह जानकारी मिली।
रिपोर्ट में बताया गया है कि हालिया सप्ताह के दौरान डेंगू के छह नए मामले, मलेरिया के चार मामले और चिकनगुनिया का एक मामला दर्ज किया गया।
वर्ष 2026 में अब तक सामने आए डेंगू के 212 मामलों में से 194 मामले एमसीडी के तहत आने वाले इलाकों में दर्ज किए गए, जबकि बाकी 18 मामले एनडीएमसी, दिल्ली छावनी क्षेत्र और रेलवे क्षेत्र से सामने आए। इस साल शहर में डेंगू से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया है।
मलेरिया के कुल मामलों की संख्या 62 रही, जिसमें एमसीडी इलाकों के 59 मामले और अन्य निकाय क्षेत्रों से तीन मामले शामिल हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, इस साल अब तक मलेरिया से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया है।
इसमें यह भी बताया गया है कि दिल्ली में इस साल चिकनगुनिया के 14 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 13 मामले एमसीडी के तहत आने वाले इलाकों में सामने आए।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल