दिल्ली: झुग्गी में एलपीजी सिलेंडर फटने से पति-पत्नी 60 प्रतिशत तक झुलसे
दिल्ली: झुग्गी में एलपीजी सिलेंडर फटने से पति-पत्नी 60 प्रतिशत तक झुलसे
नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) दिल्ली के विवेक विहार इलाके की एक झुग्गी में रविवार को रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर फटने से दो लोग झुलस गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, घायलों की पहचान अनिल दास (35) और उनकी पत्नी खुशबू (30) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि दोनों करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गए।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक, विवेक विहार थाने के पीछे स्थित झुग्गी में एलपीजी सिलेंडर में आग लगने की सूचना शाम चार बजकर 24 मिनट पर मिली थी।
अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद दमकल की दो गाड़ियां और पानी का एक टैंकर मौके पर भेजा गया।
उन्होंने बताया कि शाम चार बजकर 55 मिनट तक आग पर काबू पा लिया गया।
घायलों को इलाज के लिए पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) वाहन से राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि सिलेंडर फटने की परिस्थितियों और घायलों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


