केरलम: रिश्वत लेने के मामले में आबकारी उपायुक्त समेत सात अधिकारी निलंबित

केरलम: रिश्वत लेने के मामले में आबकारी उपायुक्त समेत सात अधिकारी निलंबित

केरलम: रिश्वत लेने के मामले में आबकारी उपायुक्त समेत सात अधिकारी निलंबित
Modified Date: August 30, 2026 / 07:45 pm IST
Published Date: August 30, 2026 7:45 pm IST

कोट्टायम, 30 अगस्त (भाषा) आबकारी विभाग ने चंगनाश्शेरी में लाइसेंस प्राप्त बार प्रतिष्ठानों से कथित तौर पर रिश्वत, शराब और अन्य लाभ लेने के मामले की प्रारंभिक जांच के बाद एक उपायुक्त समेत सात अधिकारियों को निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

निलंबित किए गए सात अधिकारियों में आबकारी उपायुक्त एस अशोक कुमार, अधिकारी एम. मैनुअल, लालू थंकाचन, प्रवीण सिवानंद, संतोष टी, शिजू के. और सिविल आबकारी अधिकारी विशाल एएस शामिल हैं।

यह कार्रवाई आबकारी मंत्री एम. लिजू को 27 अगस्त को मिली सूचना के बाद की गई।

सूचना में चंगनाश्शेरी क्षेत्र के बार होटलों में तय समय के बाद कथित रूप से अवैध शराब बिक्री और कोट्टायम के उपायुक्त के लिए कथित तौर पर काम करने वाले एक बिचौलिए के बारे में जानकारी दी गई थी।

इसके बाद आबकारी आयुक्त सीरम संभासिव राव ने ‘ऑपरेशन बीजापुर’ के तहत गोपनीय जांच कराई।

रविवार को राव की ओर से जारी निलंबन आदेश के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला कि उपायुक्त के नाम पर एक बिचौलिए के माध्यम से चार बार प्रतिष्ठानों न्यूयॉर्क स्क्वायर, ब्लू स्टार, ब्रीजलैंड और पंचवडी से कथित तौर पर 55 हजार रुपये वसूले गए।

आदेश के मुताबिक, इसके अलावा न्यूयॉर्क स्क्वायर बार से चार लिफाफों में कथित तौर पर 26 हजार रुपये लिए गए और उन्हें आबकारी कर्मियों को सौंपा गया।

प्रतिष्ठान से शराब, बीयर और खाद्य सामग्री लिए जाने का भी आरोप है।

आदेश के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान उपायुक्त ने स्वीकार किया कि पूछताछ के तहत जब उनका मोबाइल फोन जब्त किया गया था, तब उन्होंने उसमें से डेटा हटा दिया था।

विभाग ने इसे मामले को और गंभीर बनाने वाली स्थिति माना है।

विभाग ने कथित पर्यवेक्षण संबंधी लापरवाही को लेकर आबकारी रेंज निरीक्षक आदर्श जी. एल. के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने का भी आदेश दिया है।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में