नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में एक सेप्टिक टैंक के भीतर कथित तौर पर जहरीली गैस की चपेट में आने से 55-वर्षीय एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दोनों श्रमिकों को कथित तौर पर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के लगभग आठ फुट गहरे सेप्टिक टैंक के अंदर भेजा गया था।
उसके मुताबिक, मकान मालिक ने सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए अनिल नाम के एक ठेकेदार को काम पर रखा था, जिसने नोएडा के सेक्टर-16 के रहने वाले विनोद (55) और धर्मेंद्र (34) को काम पर लगाया।
पुलिस ने बताया कि टैंक के अंदर कथित तौर पर जहरीली गैस की चपेट में आने से दोनों कुछ ही मिनटों में बेहोश हो गए थे।
उसने बताया कि ठेकेदार और वहां इकट्ठा हुए स्थानीय लोगों ने रस्सियों और हुक की मदद से दोनों को बाहर निकाला और तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गए।
अस्पताल के चिकित्सकों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया, जबकि धर्मेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश