गुरुग्राम, 25 मई (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में दो लोगों ने कथित तौर पर बिहार के एक व्यक्ति को उसके ‘क्षेत्रीय हिंदी लहजे’ का मज़ाक उड़ाने के बाद थप्पड़ और घूंसे मारे। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि 21 मई की सुबह तड़के लगी गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण वह बेहोश हो गया और वर्तमान में एक निजी अस्पताल में उसका इलाज हो रहा है।
पीड़ित आदित्य राज पांडे की शिकायत के अनुसार, घटना वाले दिन जब शिकायतकर्ता दोनों व्यक्तियों से मिला तो वे शराब पी रहे थे।
पांडे बिहार के भोजपुर जिले के संदेरा गांव के रहने वाले हैं। वह वर्तमान में गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 क्षेत्र में किराये के मकान में रहते हैं।
अपनी शिकायत में पांडे ने बताया कि उनके दोस्त अंश त्यागी ने उन्हें 20 मई की रात करीब आठ बजे फोन करके अपने दूसरे दोस्त जोएल के. जोस के घर पर मिलने के लिए बुलाया।
इक्कीस मई की सुबह वहां उन्होंने त्यागी और जोस, दो आरोपियों- उदय संसनवाल और निखिल संसनवाल तथा एक अन्य महिला को पाया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी शराब पी रहे थे। कुछ देर बाद जोस खाना लेने नीचे गया और उसके तुरंत बाद उदय और निखिल ने कथित तौर पर पांडे को चिढ़ाना शुरू कर दिया।
शिकायतकर्ता ने कहा, ‘‘उन्होंने मेरी हिंदी और क्षेत्रीय लहजे का मज़ाक उड़ाते हुए कहा, ‘हमें तुम्हारी भाषा समझ नहीं आती।’ जब मैंने इस घिनौने व्यवहार और गाली-गलौज का विरोध किया, तो वे बहुत क्रोधित हो गए और उदय संसनवाल ने मुझे ज़ोर से थप्पड़ मारा।’’
पांडे ने बताया, ‘‘मेरे दोस्त अंश त्यागी ने बीच-बचाव किया और मुझे अलग करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने मुझे घेर लिया तथा बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। वे लगातार मुझपर हमला करते रहे, ताकि मुझे गंभीर चोटें पहुंचा सकें।’’
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘पीड़ित की शिकायत के आधार पर उदय और निखिल संसनवाल के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’
भाषा सुरेश शोभना
शोभना