दिल्ली: एनआरआई की चेन झपटने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दर्ज हैं 68 आपराधिक मामले
दिल्ली: एनआरआई की चेन झपटने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दर्ज हैं 68 आपराधिक मामले
नयी दिल्ली, 28 नवंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने 24-वर्षीय एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ एक अनिवासी भारतीय (एनआरआई) महिला की चेन झपटने सहित 68 आपराधिक मामले दर्ज हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान अमन विहार निवासी तरुण उर्फ गादम वाला के रूप में हुई है और वह थाने में सूचीबद्ध बदमाश है। वह करोल बाग के एक मामले में सात महीने से अधिक समय से फरार था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपने पति के साथ दिल्ली आई कैलिफोर्निया की एक एनआरआई महिला ने शिकायत की कि पांच अप्रैल को पूर्वाह्न करीब 11:50 बजे पदम सिंह रोड पर एक एटीएम के पास उसकी सोने की चेन छीन ली गई, जिसके बाद 13 अप्रैल को एक मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद काले रंग की स्कूटी पर सवार दो लोग कथित तौर पर गंगा मंदिर मार्ग की ओर भाग गए। जांच के दौरान स्कूटर चला रहे सह-आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया और लूटी गई चेन और गाड़ी बरामद कर ली गई, लेकिन तरुण फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि 24 नवंबर को एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अमन विहार से तरुण को पकड़ लिया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी जनवरी में नेताजी सुभाष प्लेस से झपटमारी के एक अन्य मामले में जेल से रिहा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि तरुण के खिलाफ पहले से ही झपटमारी, लूट, डकैती, सेंधमारी और शस्त्र अधिनियम से जुड़े 68 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि जांच जारी है।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


