दिल्ली: मॉडलिंग के नाम पर महिलाओं से 33 लाख रुपये की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली: मॉडलिंग के नाम पर महिलाओं से 33 लाख रुपये की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मॉडलिंग संबंधी काम और शादी का झांसा देकर कई महिलाओं से 33 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी करने के आरोप में 30 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि आरोपी कौशिक राज उर्फ अनिकेत सिंह राजपूत ने पीड़िताओं का विश्वास हासिल करने के लिए खुद को कथित तौर पर फैशन, विज्ञापन और इवेंट मैनेजमेंट क्षेत्र से जुड़ा एक सफल व्यवसायी बताया।
पुलिस के अनुसार, एक महिला ने 10 जुलाई को पूर्वी दिल्ली के मंडावली थाने में एक मामला दर्ज कराया, जिसमें उसने आरोप लगाया कि आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से उससे दोस्ती की, उससे शादी करने का वादा किया और दावा किया कि वह एक प्रतिष्ठित मोबाइल फोन निर्माण कंपनी में मॉडलिंग संबंधी काम दिला सकता है।
पुलिस ने कहा कि आरोपी ने खुद को शिकायतकर्ता के परिवार के सामने उनका भावी दामाद बताकर पेश किया। पुलिस ने कहा कि उसने फर्जी कारोबारी जानकारी और ऊंची आय दर्शाने वाला जाली बायोडाटा दिखाया। पुलिस के मुताबिक, इतना ही नहीं, लग्जरी गाड़ियां और करोड़ों रुपये की महंगी संपत्तियां भी अपनी बताई।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान, यह पाया गया कि उसने एक कंपनी के नाम पर कथित तौर पर जाली मॉडलिंग समझौते तैयार किए और शिकायतकर्ता व अन्य महिलाओं को मॉडलिंग संबंधी काम के लिए सुरक्षा राशि जमा करने के लिए कहा, जिसे बाद में वापस कर दिया जाएगा।
पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने बताया, “ आरोपी ने सगाई की तैयारियों, शादी के लिए स्थान की बुकिंग, यात्रा, बुटीक पंजीकरण और अन्य खर्चों के नाम पर भी लाखों रुपये ऐंठ लिए। उसने झूठा दावा किया कि लग्जरी होटल पहले ही बुक किए जा चुके हैं।”
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता और उसकी सहयोगियों को कथित तौर पर लगभग 33.51 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
पुलिस की एक टीम ने आरोपी को पकड़ने से पहले डिजिटल बातचीत, बैंक खाते के विवरण और वित्तीय लेनदेन का विश्लेषण किया। पुलिस ने कहा कि उसके मोबाइल फोन से तीन अलग-अलग बैंक खातों की चेक बुक बरामद की गईं।
अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने इसी तरह की धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए कथित तौर पर कई पहचान और फर्जी आवासीय पते का इस्तेमाल किया और ठगी का पैसा लक्जरी यात्रा, क्लब और महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर खर्च किया।
डीसीपी ने कहा, ‘आरोपी को पहले दिल्ली के दक्षिण जिले के साइबर थाने में ऑनलाइन कॉन्सर्ट के टिकटों में धोखाधड़ी से संबंधित मामले में गिरफ्तार किया गया था और उसे महाराष्ट्र में धोखाधड़ी के एक मामले में भी शामिल पाया गया। उसके खिलाफ दिल्ली, महाराष्ट्र, नोएडा, गुरुग्राम और पश्चिम बंगाल में भी इसी तरह से धोखाधड़ी करने की कई शिकायतें हैं।’
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


