दिल्ली: कार से सोने के गहने चुराने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

दिल्ली: कार से सोने के गहने चुराने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 06:14 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 06:14 PM IST

नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) कार के अंदर रसायनिक पदार्थ छिड़क उसमें बैठे लोगों का ध्यान भटकाकर उनसे सोने के गहने चुराने के आरोप में 19 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

आरोपी की पहचान संगम विहार निवासी जाफर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना छह फरवरी को हुई।

शिकायतकर्ता भभूति प्रसाद शर्मा अपने परिवार के साथ कार से यात्रा कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने उन्हें यह कहकर रुकने का इशारा किया कि उनकी कार के बोनट से तेल लीक हो रहा है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “जब शर्मा वाहन की जांच करने के लिए रुके, तो एक अन्य व्यक्ति ने उनका ध्यान भटकाया। इसी दौरान जाफर ने कार के भीतर किसी रसायनिक पदार्थ का छिड़काव कर दिया, जिससे परिवार के सदस्यों को खांसी आने लगी और वे कार से बाहर निकलने को मजबूर हो गए।”

इसका फायदा उठाकर आरोपी ने सोने के आभूषणों से भरा बैग चुरा लिया और मोटरसाइकिल पर फरार हो गया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और घटनास्थल के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल की गतिविधि का पता लगाया। तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार किया और अपने एक साथी की भूमिका का खुलासा किया, जो फिलहाल फरार है। आरोपी ने बताया कि उसने निजी खर्चों के लिए जल्दी पैसा कमाने के उद्देश्य से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

भाषा राखी प्रशांत

प्रशांत