दिल्ली: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
दिल्ली: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
नयी दिल्ली, 18 मई (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के अरुणा आसफ अली रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान महरौली निवासी रोहित के रूप में हुई है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को दी गई, जिसके बाद किशनगढ़ थाने की एक टीम मौके पर पहुंची।
अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि एक वाहन ने पैदल यात्री को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि रोहित गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला और उसे वसंत कुंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच जारी है।
अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि घटना में शामिल वाहन की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि कई टीमें इस मामले पर काम कर रही हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने कहा कि वह प्रत्यक्षदर्शियों का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश

Facebook


