दिल्ली: वसंत कुंज में बीड़ी जलाने को लेकर हुए झगड़े में युवक की चाकू मारकर हत्या

दिल्ली: वसंत कुंज में बीड़ी जलाने को लेकर हुए झगड़े में युवक की चाकू मारकर हत्या

दिल्ली: वसंत कुंज में बीड़ी जलाने को लेकर हुए झगड़े में युवक की चाकू मारकर हत्या
Modified Date: January 28, 2026 / 03:30 pm IST
Published Date: January 28, 2026 3:30 pm IST

नयी दिल्ली, 28 जनवरी (भाषा) दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में बीड़ी जलाने के लिए माचिस की तीली देने को लेकर हुए विवाद के चलते कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, उसे मंगलवार रात करीब 11:40 बजे जेजे बंधु कैंप से इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने पाया कि पीड़ित युवक करण (21) को पहले ही अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका था।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘घटनास्थल पर पहुंचने के तुरंत बाद, हमें वसंत कुंज के निजी अस्पताल से चाकू हमले में घायल एक व्यक्ति के भर्ती होने की सूचना मिली। बाद में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।’’

अधिकारी ने बताया कि टीम अस्पताल पहुंची और जानकारी जुटाई, जिसमें हमले में गर्दन पर चाकू के वार से हुए घाव को मौत का कारण बताया गया।

अधिकारी के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला कि करण का कथित हमलावरों के साथ बीड़ी जलाने के लिए माचिस की तीली देने को लेकर विवाद हुआ था।

पुलिस ने बताया कि यह बहस बढ़ गई, जिसके परिणामस्वरूप आरोपियों ने करण पर चाकू से हमला कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस की अपराध शाखा ने घटनास्थल का मुआयना किया और फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में वसंत कुंज उत्तर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया है।

अधिकारी के मुताबिक, आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

भाषा रवि कांत रवि कांत पारुल

पारुल


लेखक के बारे में