दिल्ली : निजी विवाद को लेकर युवक की चाकू मारकर हत्या

Ads

दिल्ली : निजी विवाद को लेकर युवक की चाकू मारकर हत्या

  •  
  • Publish Date - February 4, 2026 / 05:20 PM IST,
    Updated On - February 4, 2026 / 05:20 PM IST

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने निजी विवाद को लेकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में एक नाबालिग को हिरासत में लिया और दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान शिवम (20) के रूप में हुई है। तिलक नगर इलाके में दो फरवरी को शिवम पर कई बार चाकू से वार कर हत्या की गई थी।

पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची, हालांकि शिवम को पहले ही दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया जा चुका था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, इस घटना के पीछे कथित प्रेम संबंध को मुख्य कारण बताया जा रहा है।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पीसीआर को फोन करने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।’’

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि हत्या शिवम और नाबालिग आरोपी की बहन के बीच कथित प्रेम संबंधों से जुड़े विवाद के कारण हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘निजी विवाद को लेकर नाबालिग व उसके साथियों और शिवम के बीच हुई बहस के दौरान आरोपियों ने शिवम को चाकू मार दिया।’’

घटना के बाद सभी आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए और अलग-अलग स्थानों पर छिप गए थे।

पुलिस ने बताया कि उसने आरोपियों में शामिल अक्षत उर्फ ​​हनी (24) और मनिया (19) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच के दौरान, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू घटनास्थल के पास से बरामद किया गया। मामले की जांच जारी है।’’

भाषा रवि कांत रवि कांत सुभाष

सुभाष