दिल्ली मास्टर प्लान 2047 से यमुना के बाढ़ क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोग ‘बेघर’ होंगे : आप

Ads

दिल्ली मास्टर प्लान 2047 से यमुना के बाढ़ क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोग 'बेघर' होंगे : आप

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 07:30 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 07:30 PM IST

नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि दिल्ली मास्टर प्लान 2047 (एमपीडी-2047) यमुना के बाढ़ क्षेत्र में रहने वाले करीब 18 लाख लोगों के घर छीन लेगा।

एमपीडी-2047 के हाल में मंजूरी मिली है। इसमें यमुना के बाढ़ क्षेत्र के संरक्षण के लिए कई उपाय प्रस्तावित किए गए हैं।

आप विधायक संजीव झा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘दिल्ली में यमुना के किनारे ‘ओ-जोन’ सबसे बड़ा मुद्दा रहा है। जब से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केंद्र की सत्ता में आई है, ओ-जोन में रहने वाले लोग संकट में हैं। मकान लगातार तोड़े जा रहे हैं और आने वाले दिनों में भाजपा सरकार द्वारा मंजूर मास्टर प्लान 2047 के कारण 17-18 लाख लोगों के घर छीन लिए जाएंगे।’’

बुराड़ी से विधायक झा ने कहा कि भाजपा के नेताओं, विधायकों और सांसदों ने भले ही दावा किया हो कि ओ-जोन में रहने वाले लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है और किसी को नुकसान नहीं होगा, लेकिन जमीनी स्थिति इसके उलट है।

बुराड़ी क्षेत्र में कई अनधिकृत कॉलोनियों हैं।

विधायक ने कहा, ‘‘अब मास्टर प्लान 2047 के जरिए इन कॉलोनियों को हटाया जाना वैध कर दिया गया है और यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि भविष्य में ओ-जोन में कोई नया मकान नहीं बनाया जा सकता।’’

झा ने कहा, ‘‘बुराड़ी से लेकर बदरपुर तक कई आवासीय कॉलोनियां ओ-जोन के अंदर आती हैं। जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब इन कॉलोनियों को नियमित करने के लिए सूचीबद्ध किया गया था।’’

एमपीडी-2047 के तहत यमुना के सक्रिय बाढ़ क्षेत्र को ‘निर्माण मुक्त क्षेत्र’ घोषित किया जाएगा, जबकि इसके बाहर के व्यापक बाढ़ क्षेत्र में सीमित विकास की अनुमति होगी। पहले से मौजूद अधिकृत और नियोजित निर्माणों के साथ जरूरी सरकारी सुविधाओं को तय नियमों और मंजूरी के अनुसार जारी रखने की अनुमति होगी।

हालांकि, नये बुनियादी ढांचे का निर्माण केवल मनोरंजन, जरूरी और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित रहेगा।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश