दिल्ली: नशे के लिए पैसे देने से मना करने पर लड़के पर हमले के आरोप में नाबालिग पकड़ा गया

Ads

दिल्ली: नशे के लिए पैसे देने से मना करने पर लड़के पर हमले के आरोप में नाबालिग पकड़ा गया

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 05:43 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 05:43 PM IST

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) दिल्ली में लाल किले के पास पिछले महीने एक नाबालिग पर पेपर कटर से हमला करने के आरोप में 16 वर्षीय लड़के को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पीड़ित ने लड़के को मादक पदार्थ के लिए पैसे देने से मना कर दिया था जिसके बाद उसने कथित रूप से उसपर हमला कर दिया और फरार हो गया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी नाबालिग की संलिप्तता जामा मस्जिद थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के एक अन्य मामले में भी पाई गई है।

पुलिस के पांच अप्रैल को एलएनजेपी अस्पताल से सूचना मिली कि नांगलोई निवासी 17 वर्षीय लड़के को गंभीर रूप से घायल हालत में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित के गले और पेट पर धारदार हथियार से हमला करने के कारण गहरे घाव थे और वह बयान देने की स्थिति में नहीं था।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि पीड़ित का लाल किले के पास परेड ग्राउंड में एक अज्ञात लड़के से झगड़ा हुआ, जिसके बाद उस पर हमला किया गया। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

आरोपी का पता लगाने के लिए एक टीम गठित की गई, जिसने इलाके में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और घटनास्थल से भागते हुए एक संदिग्ध की पहचान की।

पुलिस ने बताया कि बाद में स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से लड़के की पहचान हुई जो चांदनी चौक इलाके में अक्सर आता जाता रहता था।

दिल्ली और आसपास के इलाकों में कई बार छापेमारी के बावजूद आरोपी का पता नहीं चल पाया। बाद में, उसके मोबाइल नंबर को ट्रैक किया गया और तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस उत्तराखंड के हरिद्वार पहुंची।

एक अधिकारी ने बताया कि 29 अप्रैल को पुलिस टीम ने हरिद्वार के एक गांव में छापा मारा और नाबालिग को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिछले दो वर्षों से चांदनी चौक इलाके में रह रहा था और नशे का आदी है। चार अप्रैल की रात को, पीड़ित ने उसे पैसे देने से इनकार दिया और थप्पड़ दिया जिससे उसका पीड़ित से झगड़ा हो गया। क्रोधित होकर उसने लड़के पर पेपर कटर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने उसी रात जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के पास एक अन्य व्यक्ति पर भी हमला किया और फिर हरिद्वार भाग गया।

पुलिस ने बताया कि पकड़ने जाने से बचने के लिए उसने हथियार और कपड़े चलती ट्रेन से फेंक दिए।

पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव