दिल्ली पुलिस ने 2.48 लाख रुपये की धोखाधड़ी मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने 2.48 लाख रुपये की धोखाधड़ी मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 07:27 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 07:27 PM IST

नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) एपीके आधारित साइबर धोखाधड़ी में शामिल होने के आरोप में 23 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में एक कंपनी प्रतिनिधि से 2.48 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी विकास कुमार गुप्ता बिहार के छपरा का निवासी है। पुलिस ने बताया कि वह कथित तौर पर एक ऐसे गिरोह का संचालन करता था जो पीड़ितों के मोबाइल फोन को हैक करने और उनके बैंक खातों से पैसे निकालने के लिए नुकसानदेह एपीके फाइल का इस्तेमाल करता था।

पुलिस के अनुसार, कंपनी प्रतिनिधि द्वारा यह शिकायत करने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई कि ड्यूटी पर रहते हुए उसके फोन पर एक अज्ञात मोबाइल एप्लिकेशन स्वचालित रूप से इंस्टॉल हो जाने के बाद उसके खाते से धोखाधड़ी से 2.48 लाख रुपये की राशि निकाल ली गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “जांच के दौरान, पुलिस ने शिकायतकर्ता के मोबाइल फोन की जांच की और आईपी लॉग तथा लाभार्थी के बैंक खाते के विवरण का विश्लेषण किया। टीम को पता चला कि धोखाधड़ी की रकम में से 2 लाख रुपये गुप्ता के बिहार स्थित बैंक खाते में अंतरित किए गए थे।”

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने ‘सेल्फ चेक’ के माध्यम से पैसे निकाले थे और धोखाधड़ी से जुड़े खाते का संचालन भी वही कर रहा था।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने छपरा स्थित गुप्ता के आवास पर छापा मारा, लेकिन वह फरार था। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को अंततः 5 मई को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान, गुप्ता ने खुलासा किया कि वह पहले कमीशन के बदले साइबर धोखाधड़ी करने वालों को बैंक खाते मुहैया कराता था और कुछ महीने पहले उसने अपना खुद का गिरोह बनाया था।

जांचकर्ताओं ने बताया कि उसने साइबर अपराधियों से संबंध बनाए, जो उसे नुकसानदेह एपीके फाइल मुहैया कराते थे और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से बैंक खाते बेचने वाले लोगों के संपर्क में भी आया।

पुलिस ने बताया कि धोखाधड़ी की गई 2.48 लाख रुपये की राशि शिकायतकर्ता के खाते में वापस अंतरित कर दी गई है और आरोपी से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड जब्त किया गया है।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश