नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने सऊदी अरब के लिए किफायती हज और उमरा तीर्थयात्रा पैकेज का इंतजाम करने का झूठा वादा करके कम से कम 23 लोगों से लगभग 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में 38 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान ‘जम जम उमरा सर्विसेज’ के मालिक मोहम्मद अरशद नदवी के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि उसे 17 जून को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बटला हाउस से आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला नोएडा निवासी मोहम्मद शाहनवाज और 22 अन्य पीड़ितों की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था।
जांच अधिकारियों ने बताया कि अरशद ने कथित तौर पर संभावित यात्रियों को यह कहकर अपने जाल में फंसाया कि वह हज और उमरा के लिए वीजा, हवाई टिकट, ठहरने और भोजन की व्यवस्था कम कीमत पर करा सकता है।
पुलिस ने बताया कि उसकी बातों पर भरोसा करके पीड़ितों ने अपने पासपोर्ट की प्रतियां उसे सौंप दीं और यात्रा के लिए हर व्यक्ति ने 50,000 से 55,000 रुपये के बीच रकम का भुगतान किया।
अधिकारियों के अनुसार, बार-बार संपर्क करने के बावजूद कोई टिकट जारी नहीं किया गया और बाद में आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया, अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया, पता बदल लिया और फरार हो गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से जुड़े बैंक खातों की जांच की और पाया कि पीड़ितों द्वारा लगभग 14 लाख रुपये उसके खातों में स्थानांतरित किए गए थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने यात्रियों का भरोसा जीतने के लिए खुद को ट्रैवल एजेंट से अच्छी पकड़ रखने वाला व्यक्ति बताया और सुगम एवं किफायती यात्रा का आश्वासन दिया।
एक अधिकारी ने कहा, ‘पैसे और दस्तावेज हासिल करने के बाद वह लगातार बहाने बनाता रहा और अंततः फरार हो गया।’
जांच में यह भी सामने आया कि अरशद उत्तर प्रदेश के शामली, हापुड़ और अलीगढ़ में दर्ज इसी प्रकार के कई मामलों में भी कथित रूप से शामिल है।
पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ बिहार के दरभंगा और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दर्ज शिकायत मामलों में जमानती और गैर-जमानती वारंट भी जारी किए जा चुके हैं।
पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ और भी शिकायतें सामने आई हैं तथा मामले की जांच जारी है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप