दिल्ली पुलिस ने सात साल से फरार अपराधी को गिरफ्तार किया

Ads

दिल्ली पुलिस ने सात साल से फरार अपराधी को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 09:00 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 09:00 PM IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों से जुड़े मामले में सात साल से फरार आरोपी को यहां दिलशाद गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने पंजाब के बठिंडा निवासी 30 वर्षीय हरप्रीत सिंह उर्फ मणि को 11 मई को गिरफ्तार किया।

वह 2018 में बठिंडा छावनी थाने में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज प्राथमिकी के संबंध में वांछित था।

पुलिस के अनुसार, हरप्रीत को जनवरी 2018 में उसके पास से ‘विंसेरेक्स’ और ‘ओनेरेक्स’ सिरप की बोतलें और कैरिसोमा की गोलियों के पत्ते सहित नशीली दवाएं बरामद होने के बाद गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने बताया कि उसे 2019 में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने जमानत दे दी थी, लेकिन वह फरार हो गया और सितंबर 2020 में उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।

पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि वह 2022 में पंजाब के बठिंडा छावनी थाने में दर्ज एक अन्य आपराधिक मामले में भी संलिप्त था।

भाषा नोमान प्रशांत

प्रशांत