दिल्ली पुलिस ने कीर्ति नगर में 40 लाख रुपये की चोरी के मामले में घरेलू सहायक को गिरफ्तार किया
दिल्ली पुलिस ने कीर्ति नगर में 40 लाख रुपये की चोरी के मामले में घरेलू सहायक को गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) पश्चिम दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में अपने नियोक्ता के घर से करीब 40 लाख रुपये मूल्य के और सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने के आरोप में 23 वर्षीय घरेलू सहायक को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी विशाल कुमार को अलीगढ़ से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर करीब 40 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया जिसमें 6.38 लाख रुपये नकद और 50-60 ग्राम वजन के सोने के आभूषण, एक पिस्तौल और 25 कारतूस शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से जब्त किए गए सामान में एक लाल रंग की मोटरसाइकिल भी शामिल है, जिसे उसने चोरी के पैसों का इस्तेमाल कर खरीदा था।
अधिकारी ने बताया कि 11 सितंबर को चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ता अंकुर भसीन और उनका परिवार एक समारोह से घर लौटे तो उन्होंने पाया कि उनका घरेलू सहायक कुमार गायब था।
पुलिस ने बताया कि एक अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। उसके अंदर रखी छोटी तिजोरी में से करीब 10 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण गायब मिले।
अधिकारी के मुताबिक जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि कुमार को लाजपत नगर की एक प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए काम पर रखा गया था।
जांच एजेंसी ने उसके प्लेसमेंट के समय जमा किए गए दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध कराए। इनमें नोएडा के पते वाला आधार कार्ड भी शामिल था, जिसे पुलिस ने फर्जी पाया।
पुलिस ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक निगरानी और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने कुमार के बुलंदशहर में होने का पता लगाया, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद उसे अलीगढ़ में होने का पता चला, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान कुमार ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और पुलिस को चोरी का सामान बरामद करने में मदद की।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


