दिल्ली पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ करके राजस्थान से चार लोगों को गिरफ्तार किया
दिल्ली पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ करके राजस्थान से चार लोगों को गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने राजस्थान से संचालित एक कथित साइबर धोखाधड़ी और धनशोधन गिरोह का भंडाफोड़ करके चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि यह गिरोह कई बैंक खातों के जरिए अवैध रूप से हासिल हुए पैसे इधर-उधर भेजता और छिपाकर रखता था।
ये गिरफ्तारियां एक साइबर धोखाधड़ी मामले में की गई हैं, जिसमें एक महिला के बैंक खाते से बिना अनुमति के दो लाख रुपये निकाले गए थे।
पुलिस के अनुसार, मामला पिछले साल चार नवंबर को दर्ज किया गया था और धोखाधड़ी का पता उस समय चला जब अमेरिका में रहने वाले महिला के बेटे ने संदिग्ध लेन-देन का पता चलने के बाद भारत आकर शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला से ऐंठी गई रकम पहले एक बैंक खाते में भेजी गई और फिर उसे कई अन्य खातों में भेजा गया ताकि पैसे के स्रोत का पता न चल सके।
मिली जानकारी के आधार पर, टीमों ने राजस्थान के सीकर जिले के एक गांव में छापेमारी की और चार आरोपियों को पकड़ लिया, जिनकी पहचान अभिषेक सिहाग, अंकित गढ़वाल, विकास बेनीवाल और लोकेश कुमार के रूप में हुई है।
भाषा जोहेब मनीषा
मनीषा

Facebook


