उमर ने बाढ़ प्रभावित राजौरी का दौरा किया, राहत एवं पुनर्वास कदमों की समीक्षा की

उमर ने बाढ़ प्रभावित राजौरी का दौरा किया, राहत एवं पुनर्वास कदमों की समीक्षा की

उमर ने बाढ़ प्रभावित राजौरी का दौरा किया, राहत एवं पुनर्वास कदमों की समीक्षा की
Modified Date: August 6, 2026 / 01:42 pm IST
Published Date: August 6, 2026 1:42 pm IST

जम्मू, छह अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पिछले महीने भारी बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने और राहत एवं पुनर्वास कदमों की समीक्षा करने के लिए राजौरी जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का बृहस्पतिवार को दौरा किया।

मुख्यमंत्री ने इससे एक दिन पहले पड़ोसी पुंछ जिले में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया था। विनाशकारी बारिश के कारण पुंछ में 16 लोगों की मौत हुई है और छह अन्य लोग अब भी लापता हैं।

अब्दुल्ला ने दौरे से पहले सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा जारी रखते हुए मैं हाल में बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन करने, प्रभावित परिवारों से बातचीत करने तथा जारी राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा के लिए आज राजौरी जाऊंगा।’’

उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए वह जिला प्रशासन के साथ बैठक भी करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित बेला कॉलोनी और बस अड्डा क्षेत्र समेत कई इलाकों का स्थानीय विधायकों के साथ दौरा किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की और नुकसान का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री से बेला कॉलोनी के आवासीय इलाकों को भविष्य में बाढ़ से बचाने के लिए कंक्रीट के मजबूत तटबंध के निर्माण को मंजूरी देने का आग्रह किया। उन्होंने बहाली और पुनर्वास से जुड़ी विभिन्न मांगें भी उठाईं।

दौरे में अब्दुल्ला के साथ मौजूद राजौरी से कांग्रेस विधायक इफ्तिखार अहमद ने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने, आवश्यक सेवाएं बहाल करने और उनके दीर्घकालिक पुनर्वास की जरूरत पर जोर दिया।

अहमद ने मुख्यमंत्री से राजौरी में काफी समय से लंबित मिनी सचिवालय परियोजना के लिए धनराशि जारी करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा जिला प्रशासनिक परिसर सुरक्षित नहीं है और लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नयी इमारत जरूरी है।

भाषा सिम्मी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में