दिल्ली पुलिस ने डाबरी में अवैध एलपीजी रिफिलिंग गिरोह का भंडाफोड़ किया, 17 सिलेंडर जब्त

Ads

दिल्ली पुलिस ने डाबरी में अवैध एलपीजी रिफिलिंग गिरोह का भंडाफोड़ किया, 17 सिलेंडर जब्त

  •  
  • Publish Date - April 1, 2026 / 05:56 PM IST,
    Updated On - April 1, 2026 / 05:56 PM IST

नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के डाबरी इलाके में 61 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर अवैध एलपीजी रिफिलिंग गिरोह का भंडाफोड़ कर 17 सिलेंडर जब्त किए हैं।

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर, अपराध शाखा की एक टीम ने मंगलवार को सीतापुरी इलाके में छापा मारा, जहां आरोपी मोहन लाल गर्ग को उसकी दुकान से अवैध रूप से एलपीजी रिफिलिंग का काम करते हुए पकड़ा गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने इंडेन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम सहित विभिन्न कंपनियों के 17 घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, गर्ग घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का अवैध रूप से भंडारण कर रहा था और गैस को बाजार में 200 रुपये प्रति किलोग्राम की दर पर बेचकर अवैध लाभ कमा रहा था।

पुलिस ने बताया कि खाद्य आपूर्ति अधिकारी को मौके पर बुलाया गया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। बरामद सिलेंडर स्थानीय थाने को सौंप कर मामला दर्ज किया गया है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश