मेरठ कचहरी में बम रखे होने की धमकी मिलने से मची अफरा-तफरी, जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला

Ads

मेरठ कचहरी में बम रखे होने की धमकी मिलने से मची अफरा-तफरी, जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला

  •  
  • Publish Date - April 1, 2026 / 10:26 PM IST,
    Updated On - April 1, 2026 / 10:26 PM IST

मेरठ (उप्र), एक अप्रैल (भाषा) मेरठ में बुधवार को जिला कचहरी को बम विस्फोट कर उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया और पूरे न्यायालय परिसर को एहतियातन खाली कराकर पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन इस दौरान कोई भी विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि यह धमकी फोन कॉल और ई-मेल के जरिए दी गई थी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही कचहरी परिसर में आम लोगों की आवाजाही बंद करके बम निरोधक दस्ता और खोजी कुत्तों के दस्ते को मौके पर भेजा गया और सुरक्षा एजेंसियों ने अदालत भवनों, वकीलों के चैंबर और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की।

अपर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर हर व्यक्ति की जांच की गई और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन कोई भी विस्फोटक या अन्य संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला।

अधिकारी ने बताया कि धमकी देने वाले की पहचान करने के लिए साइबर टीम की मदद ली गई है जो फोन कॉल और ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

उन्होंने कहा कि पूर्व में मिली ऐसी धमकियों की भी समीक्षा की जा रही है और सभी पहलुओं को जोड़कर जांच की जा रही है।

भाषा सं. सलीम जोहेब

जोहेब