विरासत से जुड़े रहने वाले देश दृढ़ विश्वास से भविष्य की ओर कदम बढ़ाते हैं: बिरला

Ads

विरासत से जुड़े रहने वाले देश दृढ़ विश्वास से भविष्य की ओर कदम बढ़ाते हैं: बिरला

  •  
  • Publish Date - April 1, 2026 / 10:10 PM IST,
    Updated On - April 1, 2026 / 10:10 PM IST

नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कहा कि जो देश अपनी विरासत से जुड़े रहते हैं और उससे शक्ति एवं प्रेरणा प्राप्त करते हैं, वे दृढ़ विश्वास से भविष्य की ओर कदम बढ़ाने में सक्षम होते हैं।

बिरला ने देश के अतीत और उसके भविष्य के अंतर्निहित संबंध पर बल देते हुए यह भी कहा कि किसी राष्ट्र की शक्ति और उसके विकास की दिशा उसकी ऐतिहासिक चेतना से प्रभावित होती है।

उन्होंने यह टिप्पणी राज्यसभा सदस्य सुधा मूर्ति द्वारा लिखित कॉफी टेबल बुक ‘टाइड्स ऑफ टाइम: भारत्स हिस्ट्री थ्रू म्यूरल्स इन पार्लियामेंट’ का विमोचन के मौके पर व्यक्त किए।

बिरला ने भारत की सभ्यतागत यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि सदियों से अनेक चुनौतियों का सामना करने के बावजूद, देश ने निरंतर दृढ़ता, साहस और प्रगति के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का परिचय दिया है।

इस अवसर पर उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, कई केंद्रीय मंत्री, संसद सदस्य और अन्य नेता उपस्थित थे।

बिरला ने कहा कि यह पुस्तक संसद के भित्तिचित्रों में उकेरे गए समृद्ध इतिहास, संस्कृति और सभ्यतागत विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त और प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने इस बात का उल्लेख भी किया कि ऐतिहासिक संविधान सदन (पुरानी संसद) की दीवारों पर लगे चित्र भारत की प्राचीन विरासत, समृद्ध संस्कृति और स्वतंत्रता के ऐतिहासिक संघर्ष को समाहित करते हुए भारत की गौरवगाथा को सजीव रूप में प्रस्तुत करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘जो देश अपनी विरासत से जुड़े रहते हैं, उससे शक्ति और प्रेरणा प्राप्त करते हैं, वे दृढ़ विश्वास से भविष्य की ओर कदम बढ़ाने में सक्षम होते हैं।’

बिरला ने कहा कि यह पुस्तक देश के सांस्कृतिक और बौद्धिक आधार को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

भाषा हक पवनेश अमित

अमित