बिरला मंदिर में जन्माष्टमी के लिए दिल्ली पुलिस ने जारी किए सुरक्षा दिशानिर्देश
बिरला मंदिर में जन्माष्टमी के लिए दिल्ली पुलिस ने जारी किए सुरक्षा दिशानिर्देश
नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) मध्य दिल्ली स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में चार सितंबर को होने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह से पहले सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
लक्ष्मी नारायण मंदिर को बिरला मंदिर के नाम से भी जाना जाता है।
नयी दिल्ली जिला पुलिस के अनुसार, मुख्य मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को केवल मंदिर मार्ग से प्रवेश की अनुमति होगी। इसके अनुसार, मंदिर मार्ग तक काली बाड़ी मार्ग या पेशवा रोड से पहुंचा जा सकेगा।
पुलिस के अनुसार, मुख्य प्रवेश द्वारों पर ‘डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर’ (डीएफएमडी) लगाए गए हैं और श्रद्धालुओं से सुरक्षा जांच में पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की गई है।
पुलिस के अनुसार, मंदिर परिसर के अंदर हैंडबैग, ब्रीफकेस, पार्सल, खाद्य पदार्थ के पैकेट, कैमरा, मोबाइल फोन और बैटरी से संचालित अन्य उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस ने बताया कि मंदिर प्रबंधन ने काली बाड़ी मार्ग के पास तथा पेशवा रोड पर हिंदू महासभा कार्यालय के बगल में जूते-चप्पल रखने की व्यवस्था की है।
पुलिस ने बताया कि गीता भवन और वाटिका में प्रवेश केवल मुख्य मंदिर द्वार से ही दिया जाएगा, जबकि मंदिर परिसर के अन्य सभी प्रवेश द्वार बंद रहेंगे।
पुलिस ने बताया कि श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए अलग-अलग निकास मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि काली बाड़ी मार्ग की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को वाटिका गीता भवन निकास लेन से बाहर निकलना होगा, जबकि पेशवा रोड की ओर जाने वालों के लिए गीता भवन की तरफ स्थित गेट संख्या तीन का इस्तेमाल करना होगा। पुलिस ने बताया कि इस गेट का इस्तेमाल केवल निकास के लिए किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि पैदल श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रखने के लिए पंचकुइयां रोड गोलचक्कर, काली बाड़ी मार्ग स्थित पार्क स्ट्रीट गोलचक्कर, उद्यान मार्ग और पेशवा रोड के बीच मंदिर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस ने बताया कि श्रद्धालुओं की सहायता और उनके सवालों के जवाब देने के लिए मंदिर के मुख्य द्वार के पास एक सहायता बूथ भी स्थापित किया गया है।
भाषा अमित सुभाष
सुभाष

Facebook


