एलडीएफ में ‘उथल-पुथल’ मची है, माकपा नेतृत्व के विरुद्ध विरोध के स्वर तेज : सतीशन
एलडीएफ में ‘उथल-पुथल’ मची है, माकपा नेतृत्व के विरुद्ध विरोध के स्वर तेज : सतीशन
तिरुवनंतपुरम, दो सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) एवं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बीच तीखी बयानबाजी के साथ विपक्षी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) में ‘उथल-पुथल’ मची है तथा माकपा नेतृत्व के खिलाफ कड़ा विरोध पनप रहा है।
सतीशन ने यहां प्रेसवार्ता में कहा, ‘‘एलडीएफ में उथल-पुथल मची हुई है। माकपा और भाकपा एक-दूसरे पर कीचड़ उछाल रहे हैं। मार्क्सवादी पार्टी के नेतृत्व के खिलाफ जबरदस्त असंतोष है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम इसे बाहर से देख रहे हैं और इसका आनंद ले रहे हैं। बस इतना ही। हमने इस मामले में कोई राजनीतिक फैसला नहीं किया है।’’
सतीशन केरल विधानसभा में विपक्ष के उप-नेता पद को लेकर वामपंथी सहयोगियों के बीच चल रहे विवाद के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने माकपा पर आरोप लगाया कि वह पार्टी के सामने मौजूद राजनीतिक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए अपने छात्र और युवा संगठनों को सड़कों पर हिंसक विरोध-प्रदर्शन करने के लिए उकसा रही है।
वह जाहिर तौर पर मंगलवार को यहां माकपा की छात्र इकाई ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ़ इंडिया’ (एसएफआई) द्वारा आयोजित एक विरोध मार्च का ज़िक्र कर रहे थे।
यह मार्च एक कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम’ के पूर्ण गायन के मुद्दे पर निकाला गया था। इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन भी शामिल हुए थे। विरोध मार्च के दौरान पुलिस के साथ झड़प में कई छात्र कार्यकर्ता घायल हो गए थे।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


