दिल्ली पुलिस ने पुलिसकर्मियों के लिए ‘ईटीसी’ घर या अस्पताल में पहुंचाने की पहल शुरू की

Ads

दिल्ली पुलिस ने पुलिसकर्मियों के लिए ‘ईटीसी’ घर या अस्पताल में पहुंचाने की पहल शुरू की

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 06:45 PM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 06:45 PM IST

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस के मध्य जिले ने आपात स्थिति में पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को समय पर चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के लिए ‘इमरजेंसी ट्रीटमेंट सर्टिफिकेट’ (ईटीसी) को घर तक पहुंचाने की सुविधा शुरू की है।

एक अधिकारी ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत, ईटीसी बिना किसी देरी के जारी किए जाएंगे और यह या तो संबंधित कर्मचारी के घर पर भेजा जाएगा या सीधे उस अस्पताल में पहुंचाया जाएगा जहां इलाज हो रहा होगा।

मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के कार्यालय के आदेश में मेडिकल शाखा को चौबीसों घंटे समन्वय बनाए रखने के लिए कहा गया है, ताकि आपात स्थिति में किए गए अनुरोधों पर तुरंत कार्रवाई हो सके और मरीज़ों को इलाज पाने में कोई परेशानी न हो।

इसमें कहा गया है कि सभी संबंधित प्रभारियों को यह सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई है कि निर्देशों का सख्ती से पालन हो और बेहतर समन्वय बना रहे। यह पहल सेवारत और सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों और उनके आश्रितों को मुश्किल हालात में तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद करेगी और उन्हें होने वाली असुविधा को कम करेगी।

मध्य दिल्ली के अतिरिक्त डीसीपी प्रशांत चौधरी ने यह आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि इन निर्देशों को लागू करने में किसी भी तरह की चूक, लापरवाही या देरी को गंभीरता से लिया जाएगा और इसके लिए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारी ने कहा, ‘इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि औपचारिकताओं की वजह से आपात स्थिति में इलाज मिलने में कोई रुकावट न आए और पुलिसकर्मियों को ज़रूरत के वक्त समय पर मदद मिल सके।”

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश