दिल्ली पुलिस ने महिला के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर हिस्ट्रीशीटर को पकड़ा

Ads

दिल्ली पुलिस ने महिला के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर हिस्ट्रीशीटर को पकड़ा

  •  
  • Publish Date - April 1, 2026 / 03:11 PM IST,
    Updated On - April 1, 2026 / 03:11 PM IST

नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक महिला के नाम से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर 25 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर को मिलने के बाहने बुलाया और उसे पकड़ लिया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर की पहचान पहाड़गंज के आराम बाग निवासी अमन के रूप में हुई है, जिसे 27 मार्च को झंडेवालन मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी के मुताबिक, अमन की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने चोरी और छीना-झपटी के कई मामलों को सुलझा लिया है। उन्होंने बताया कि अमन की निशानदेही पर चोरी के चार स्कूटर बरामद किए गए हैं।

मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया, “यह गिरफ्तारी 19 मार्च को नबी करीम इलाके में एक घर के बाहर से स्कूटर चोरी होने के मामले की जांच के बाद हुई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज का विश्लेषण किया और एक नकाबपोश संदिग्ध की पहचान की। बाद में उसकी पहचान अमन के रूप में हुई, जो पहाड़गंज थाने में ‘खराब चरित्र’ (बीसी) के रूप में सूचीबद्ध था और उसका लंबा आपराधिक इतिहास था।”

सिंह के अनुसार, अमन को पकड़ने के लिए टीम ने उसकी सोशल मीडिया गतिविधि पर नजर रखी और एक महिला के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई।

डीसीपी ने बताया, “अमन को झंडेवालन मेट्रो स्टेशन के पास एक स्थान पर मिलने के लिए बुलाया गया, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया।”

सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोपहिया वाहन चुराने और उनका इस्तेमाल आसपास के इलाकों में छीना-झपटी और अन्य अपराधों को अंजाम देने के लिए करने की बात कबूल की।

पुलिस ने बताया, “अमन गिरफ्तारी से बचने के लिए एक खास तरीका अपनाता था। वह स्कूटर चुराता था और उन्हें 10 से 15 दिनों तक छिपाकर रखता था, फिर उनका इस्तेमाल झपटमारी की घटनाओं में करता था।”

पुलिस के मुताबिक, अपराध को अंजाम देने के बाद वह वाहनों को फिर से छिपा देता और चोरी किए गए नये वाहनों का इस्तेमाल करने लगता।

पुलिस ने बताया कि अमन की निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से चोरी के चार स्कूटर बरामद किए गए हैं, जिनमें से दो नबी करीम और एक-एक रणजीत नगर और करोल बाग में दर्ज मामलों से जुड़े थे।”

पुलिस के अनुसार, आरोपी मध्य दिल्ली में वाहन चोरी, झपटमारी और संबंधित अपराधों से जुड़े 30 से अधिक मामलों में शामिल रहा है।

भाषा

नोमान नोमान पारुल

पारुल