नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने द्वारका एक्सप्रेस वे पर गलत दिशा में वाहन चलाने का वीडियो सामने आने के बाद चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘पुलिस ने वाहन और उसके चालक का पता लगा लिया और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) के तहत मामला दर्ज किया।’
यह घटना तब सामने आई जब सोशल मीडिया पर एक गाड़ी के ‘डैश-कैम’ से बनाया गया वीडियो वायरल हुआ जिसमें दिख रहा है कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर गलत दिशा में एक वाहन (संभवतः टैक्सी) को चलाया जा रहा है। वाहन अचानक सही लेन में चल रही एक अन्य कार के सामने आ जाता है, जिससे दूसरी कार को रुकना पड़ता है।
पुलिस के अनुसार, गलत दिशा में चल रही गाड़ी का चालक कार से उतरा और कथित तौर पर दूसरे वाहन चालक से बहस करने लगा। यह घटना द्वारका स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर के पास हुई।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है और आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश