मेरठ, एक अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस की अपराध शाखा ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गंगानगर थाने में दर्ज एक मुकदमे की जांच के दौरान इस बड़े फर्जीवाड़े का पता चला।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच में सामने आया कि ब्रह्मपुरी के प्रताप विहार कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार (56) ने अपने सहयोगी सर्वांग जैन और अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जी फर्मों का जाल बिछाया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा किये गये फर्जीवाड़े से सरकार को करीब तीन करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हुआ।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में इस राशि के और अधिक होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि जीएसटी विभाग द्वारा आरोपियों को कई नोटिस भेजे गए लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और निगरानी के आधार पर 31 मार्च को सरस्वती लोक कॉलोनी के पास से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह फर्जी आधार और पैन के जरिये कंपनियां बनाकर इस अपराध को अंजाम देता था।
पुलिस ने बताया कि इसके अलावा गलत एचएसएन कोड का इस्तेमाल, ई-वे बिल में गड़बड़ी और जीएसटी रिटर्न में कम बिक्री दिखाकर कर चोरी की जाती थी।
पुलिस के मुताबिक, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र