दिल्ली पुलिस ने आठ महीने के बच्चे को बचाया, अपहरणकर्ता दंपति गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने आठ महीने के बच्चे को बचाया, अपहरणकर्ता दंपति गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 11 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास में अपहृत आठ महीने के एक बच्चे को सकुशल बचाया और अपहरण के आरोप में एक दंपति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह मामला नौ मार्च को तब सामने आया जब खजूरी खास फ्लाईओवर के नीचे रहने वाली 45 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात महिला उसके नवजात बेटे को ले गई है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि एक महिला भोजन देने के बहाने उसके पास आई और फिर उसके बच्चे को लेकर भाग गई।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मिली सूचना के आधार पर उत्तरी दिल्ली के रूप नगर से 30 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से बच्चे को बरामद किया।
पूछताछ के दौरान महिला ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके पति पवन (31) को अपहरण में कथित भूमिका के लिए गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि लड़के को उसकी मां से मिला दिया गया है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत

Facebook


