नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में अलग-अलग स्थानों पर छापे मारे और जमाखोरी करके रखे गए 180 से ज्यादा एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए तथा इस बाबत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा (मादक पदार्थ रोधी कार्य बल) ने विश्वस्त सूचना के आधार पर संगम विहार इलाके में तीन स्थानों पर छापे मारे और एलपीजी सिलेंडरों के अनधिकृत भंडारण और रीफिलिंग से जुड़े महत्वपूर्ण अवैध संचालन का पर्दाफाश किया।
उन्होंने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी/कालाबाजारी के खिलाफ निवारक उपाय के रूप में, जमाखोरों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
मादक पदार्थ रोधी कार्य बल (एएनडीएफ) के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने बताया कि टीम ने विश्वस्त सूचना के आधार पर किराये के तीन गोदामों पर छापेमारी के दौरान इंडेन गैस के 183 सिलेंडर और उन्हें फिर से भरने के उपकरण बरामद किए गए।
डीसीपी ने बताया कि इनमें से 154 भरे हुए थे, जबकि 29 खाली सिलेंडर थे।
उन्होंने बताया कि इस बाबत शेर सिंह, सूरज परिहार, रघु सिंह और जितेंद्र सिंह के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में अपराध शाखा के थाने में मामला दर्ज करते हुए उन्हें ‘बाउंड डाउन’ (पाबंद) किया गया। यह सभी आरोपी संगम विहार के रहने वाले हैं।
अलवल ने कहा कि सभी चारों आरोपी इंडेन कंपनी की अधिकृत गैस एजेंसी के सिलेंडर आपूर्ति करने वाले पंजीकृत कर्मी हैं और दिल्ली के संगम विहार में एलपीजी वितरण के लिए जिम्मेदार हैं।
उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी गैस एजेंसी से एलपीजी सिलेंडर लेने के बाद उनकी आपूर्ति न करके उन्हें अपने किराये के परिसर में अवैध रूप से जमा कर रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि वे अनधिकृत उपकरणों का उपयोग करके भरे हुए सिलेंडरों से 1-2 किलोग्राम गैस निकाल कर उन्हें खाली सिलेंडरों में अवैध रूप से भर रहे थे और खाली सिलेंडरों को उनकी अनुमत क्षमता तक भरने के बाद, उन्हें खुले बाजार में निर्धारित मूल्य से अधिक दरों पर बेच रहे थे।
उन्होंने बताया कि इस बाबत आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश