गुवाहाटी, 25 मार्च (भाषा) असम के शिवसागर जिले में बुधवार को एक असमिया दैनिक के कई बंडल जला दिए गए, जिससे चुनाव वाले राज्य में तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
विपक्षी दलों ने दावा किया कि इस घटना के पीछे सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के सदस्य थे, वहीं भाजपा ने भी अखबार जलाने की निंदा की और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
पत्रकारों के संगठनों ने भी इस घटना की निंदा की है।
आज सुबह शिवसागर के जॉयसागर इलाके के पास अज्ञात लोगों ने ‘असोमिया प्रतिदिन’ के मंगलवार और बुधवार के डिब्रूगढ़ संस्करण के कई बंडल जला दिए।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रतिदिन मीडिया नेटवर्क के निदेशक ऋषि बरुआ ने एक पोस्ट में कहा: ‘मृत्यु के बाद शरीर को अग्नि के हवाले कर दिया जाता है। ज्वाला उसे राख में बदल सकती है, लेकिन वह उस जीवन को, उस सत्य को नहीं मिटा सकती जो अस्तित्व में था।’
चुनाव प्रचार सभा के दौरान घटना को लेकर पूछे जाने पर मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है क्योंकि वह चुनाव की तैयारियों में व्यस्त थे।
इस सीट से दोबारा चुनाव लड़ रहे स्थानीय विधायक अखिल गोगोई ने भाजपा सदस्यों (विशेष रूप से सिवसागर निर्वाचन क्षेत्र से सत्तारूढ़ पार्टी के उम्मीदवार के समर्थकों) की संलिप्तता का आरोप लगाया।
रायजोर दल के अध्यक्ष ने कहा, ‘हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय भाजपा सदस्यों पिंकू दत्ता, पार्थ बोरा और अन्य को अखबार जलाते हुए देखा और उसका वीडियो बनाया। हम मांग करते हैं कि पुलिस भाजपा उम्मीदवार के साथ-साथ उन्हें भी तुरंत गिरफ्तार करे।’
भाषा
शुभम रंजन
रंजन