बेंगलुरु, 25 मार्च (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को कहा कि यदि कांग्रेस आलाकमान अनुमति दे तो वह दो और बजट पेश करेंगे। सिद्धरमैया छह मार्च को पेश किए गए अपने बजट पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कर्नाटक विधानसभा में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री को उनके और उनके उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के बीच सत्ता संघर्ष की याद दिलाते हुए विपक्ष के नेता आर. अशोक ने कहा कि उन्हें कम से कम एक और बजट पेश करना होगा।
सिद्धरमैया ने तुरंत जवाब देते हुए कहा कि वह दो और बजट पेश करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘देखिए, मुझे दो और बजट पेश करने हैं। हमारी सरकार इसे पेश करेगी।’
इस पर अशोक ने आश्चर्य व्यक्त किया कि क्या वह इस बारे में इतना आश्वस्त हैं?
सिद्धरमैया ने कहा, ‘अगर हमारे आलाकमान ने मुझे अनुमति दी तो मैं अगले दो बजट भी पेश करूंगा। हमारी सरकार 2028 में फिर से सत्ता में आएगी।’
उन्होंने अशोक को चुनौती दी कि वह घोषणा करें कि वह अगले मुख्यमंत्री होंगे।
उन्होंने कहा, ‘क्या आप ऐसा कह सकते हैं? हम भविष्यवाणी नहीं कर सकते।’
विपक्ष के नेता ने व्यंग्यपूर्वक टिप्पणी की कि उन्होंने अपने उपनेता शिवकुमार को मंदिरों के चक्कर लगवाए हैं और उनकी नवीनतम तीर्थयात्रा असम के कामाख्या मंदिर की थी।
सिद्धरमैया ने छह मार्च को कर्नाटक विधानसभा में अपना 17वां बजट पेश किया था, जो राज्य में एक रिकॉर्ड है।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन