नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने बुधवार को दावा किया कि दिल्ली पुलिस के दो कांस्टेबल नेहरू पार्क में सैर कर रहे पूर्व नौकरशाह आशीष जोशी को अपने साथ ले गए और अब तक इस बारे में यह पता नहीं चल पाया है कि उन्हें कहां रखा गया है।
दिल्ली पुलिस ने जोशी को हिरासत में लिए जाने या गिरफ्तार किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही दीक्षित द्वारा लगाए गए आरोपों पर कोई बयान जारी किया है।
दीक्षित का कहना है कि कुछ महीने पहले अवर सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए जोशी उनके करीबी मित्र हैं।
उन्होंने बताया कि जोशी ने बुधवार सुबह उन्हें फोन किया था, लेकिन वह जवाब नहीं दे सके।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब उन्होंने वापस फोन किया तो जोशी का मोबाइल फोन बंद था।
दीक्षित ने एक वीडियो बयान में दावा किया, ‘‘जोशी के साथ टहल रहे एक प्रत्यक्षदर्शी ने परिवार को बताया कि दो पुलिसकर्मी आए और कहा कि हाल में किए गए एक ट्वीट (एक्स पोस्ट) को लेकर पूछताछ के लिए उन्हें अपने साथ ले जाना है।’’
पूर्व सांसद के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने जोशी से कहा कि उन्हें न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित विशेष प्रकोष्ठ के थाने ले जाया जा रहा है और उन्हें (जोशी को) उनकी कार में बैठा लिया।
दीक्षित ने दावा किया कि बाद में जोशी की कार न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस थाने में खड़ी मिली।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने वहां वकीलों समेत कुछ लोगों को भेजा, लेकिन कोई भी यह बताने को तैयार नहीं था कि जोशी कहां हैं।’’
उन्होंने दावा किया कि विशेष प्रकोष्ठ के कई कार्यालयों और दिल्ली पुलिस मुख्यालय में भी जोशी का पता लगाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
दीक्षित ने कहा, ‘‘हमें नहीं पता कि कौन से दो कांस्टेबल उन्हें लेकर गए या उन्हें कहां ले जाया गया।’’
दीक्षित ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दिल्ली पुलिस आयुक्त से जोशी के बारे में जानकारी सार्वजनिक करने का आग्रह किया और कहा कि उनका परिवार ‘‘बेहद चिंतित’’ है।
भाषा हक हक पवनेश
पवनेश