नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान मौसम के औसत से एक डिग्री कम 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी है।
पिछले 24 घंटों में वर्षा नहीं हुई, लेकिन आर्द्रता का स्तर उच्च बना रहा और यह सुबह 75 प्रतिशत से शाम को 69 प्रतिशत के बीच रहा।
मौसम विभाग ने बुधवार को शहर में गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शाम चार बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 97 रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश