नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) दिल्ली में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी के साथ वायु गुणवत्ता भी ‘खराब’ श्रेणी में रही।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक है।
अन्य केंद्रों में, पालम और लोधी रोड में भी न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आंकड़ों के अनुसार, प्रमुख वेधशालाओं में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिज स्टेशन पर दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में यह 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने दिन के दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है तथा आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते है।
इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 236 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के वर्गीकरण के अनुसार, शून्य से 50 के बीच ‘एक्यूआई’ को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
भाषा प्रचेता सुरभि
सुरभि