दिल्ली: स्वरूप नगर में सिलेंडर विस्फोट में दो बच्चों समेत सात लोग जख्मी

Ads

दिल्ली: स्वरूप नगर में सिलेंडर विस्फोट में दो बच्चों समेत सात लोग जख्मी

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 03:38 PM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 03:38 PM IST

नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) बाहरी उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में स्थित एक रिहायशी इमारत में मंगलवार को एक छोटा एलपीजी सिलेंडर फटने से कम से कम सात लोग घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे और तीन महिलाएं शामिल हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह घटना स्वरूप नगर स्थित एक घर में तड़के घटी। पुलिस ने बताया कि विस्फोट इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में हुआ, जिसमें चार सदस्यों वाला एक परिवार किराये पर रहता है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘घर की तीसरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में एक छोटा एलपीजी सिलेंडर फट गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आग पर काबू पा लिया गया है और आगे की जांच जारी है।’

विस्फोट के समय तीसरी मंजिल पर मौजूद एक महिला और दो बच्चों सहित पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि इसके अलावा, विस्फोट के प्रभाव से दूसरी मंजिल पर रहने वाली दो महिलाएं भी घायल हो गईं।

सभी घायलों को इलाज के लिए बुराड़ी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

विस्फोट से इलाके में दहशत फैल गई और तेज आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकलने लगे।

पुलिस ने बताया कि वे सिलेंडर विस्फोट के कारण की जांच कर रहे हैं और यह भी तफ्तीश कर रहे हैं कि क्या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही शामिल थी।

अधिकारी ने कहा, ‘जांच के निष्कर्षों के आधार पर कानून के अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश