हमें अंडरडॉग के तमगे की आदत, हमारी स्थिति भी दक्षिण अफ्रीका जैसी: सेंटनर

Ads

हमें अंडरडॉग के तमगे की आदत, हमारी स्थिति भी दक्षिण अफ्रीका जैसी: सेंटनर

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 08:51 PM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 08:51 PM IST

(तपन मोहंता)

कोलकाता, तीन मार्च (भाषा) न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने मौजूदा टी20 विश्व कप में अब तक अजेय दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले अंडरडॉग (कमजोर मानी जाने वाली टीम) के तमगे को नजरअंदाज करते हुए मंगलवार को कहा कि दोनों टीमें ‘एक ही नाव पर सवार हैं’’।

दक्षिण अफ्रीका ने मौजूदा टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। अफगानिस्तान पर दो सुपर ओवर तक खिंचे मुकाबले में जीत सहित दक्षिण अफ्रीका ने टूर्नामेंट में लगातार सात जीत दर्ज की हैं जिसमें अहमदाबाद में न्यूजीलैंड पर ग्रुप चरण में मिली जीत भी शामिल है। वे टूर्नामेंट की एकमात्र अजेय टीम हैं।

न्यूजीलैंड का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है क्योंकि सुपर आठ में पाकिस्तान के खिलाफ उसका मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया और इंग्लैंड से हार के बाद उनका क्वालीफिकेशन नेट रन रेट पर टिका था।

ईडन गार्डन्स में सेमीफाइनल से पूर्व सेंटनर ने कहा, ‘‘दक्षिण अफ्रीका बहुत अच्छी टीम लग रही है जैसा कि उन्होंने दिखाया है। मुझे लगता है कि वे और हम एक ही नाव पर सवार हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब फाइनल से पहले सिर्फ एक मैच बचा है और यह भारत तथा इंग्लैंड (गुरुवार को वानखेड़े में दूसरे सेमीफाइनल में) के बीच मुकाबले के लिए भी ऐसा ही होगा।’’

न्यूजीलैंड ने आईसीसी खिताब के रूप में अब तक सिर्फ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप और चैंपियंस ट्रॉफी 2000 ही जीती है लेकिन वैश्विक प्रतियोगिताओं में उसके प्रदर्शन में निरंतरता दिखी है।

टीम 2007, 2016 और 2022 के बाद चौथी बार टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में खेल रही है। इसके अलावा टीम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय विश्व कप में दो बार (2015 और 2019) उप विजेता रही ।

सेंटनर ने माना कि उनकी टीम को कमजोर टीम के तमगे की आदत है।

उन्होंने कहा,‘‘हमें अब इस तमगे की आदत हो गई है। मुझे लगता है कि टूर्नामेंट में हर किसी का लक्ष्य उस चरण (खिताब) तक पहुंचना है। हम अब यहां हैं और हम खुद पर भरोसा करते हैं कि हम अपने सामने आने वाली चीजों के हिसाब से जितनी जल्दी हो सके खुद को ढाल लेंगे।’’

न्यूजीलैंड के कप्तान ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इस चरण पर यह सिर्फ एक नॉकआउट मैच है और जो भी अच्छा खेलेगा, वह जीत जाएगा।’’

बाएं हाथ के इस स्पिनर ने कहा कि उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के शानदार बल्लेबाजी क्रम को लेकर योजना बनाई है।

सेंटनर ने कहा, ‘‘दक्षिण अफ्रीका क्या कर सकता है यह किसी से छिपा नहीं है और शायद उन्हें भी पता है कि हम क्या कर सकते हैं। तो फिर यह सब जितनी जल्दी हो सके उतनी जल्दी सामंजस्य बैठाने पर निर्भर करता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन आप जानते हैं कि यह सिर्फ शीर्ष क्रम की बात नहीं है। बल्कि उनके मध्य क्रम में भी बहुत ताकत है। तो उन्हें 220 के बजाय 180 रन पर रोकना एक अच्छा स्कोर होगा।’’

भाषा सुधीर

सुधीर