दिल्ली: जलभराव से हालात बिगड़े, हवाई अड्डे और महिपालपुर इलाके में भरा पानी

Ads

दिल्ली: जलभराव से हालात बिगड़े, हवाई अड्डे और महिपालपुर इलाके में भरा पानी

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 10:39 PM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 10:39 PM IST

नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) दिल्ली में शनिवार को हुई भारी बारिश के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे व महिपालपुर समेत कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया।

बारिश के कारण जलभराव से अगले सप्ताह होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

बारिश से प्रभावित इलाकों में हवाई अड्डे का मार्ग भी शामिल रहा। कई लोगों को घुटनों तक भरे पानी से गुजरते देखा गया, जबकि एक ऑटो रिक्शा लगभग डूब गया।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में होना है।

जलभराव के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को पूर्वी दिल्ली के सद्भावना पार्क के पास प्रभावित इलाकों का औचक निरीक्षण किया।

उन्होंने जल निकासी व्यवस्था और लगातार बारिश से उत्पन्न हो रही परेशानियों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जलभराव वाले संभावित इलाकों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जमा पानी को जल्द से जल्द निकालने के लिए पंप और अन्य जरूरी संसाधन तुरंत लगाए जाएं।

राजधानी में शुक्रवार से लगातार बारिश हो रही है।

शुक्रवार को भारी बारिश के बाद पालम को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के घरेलू टर्मिनल से जोड़ने वाला द्वारका अंडरपास और टर्मिनल-3 के आसपास के इलाकों में पानी भर गया था।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक अधिकारी ने पहले बताया था कि द्वारका अंडरपास से पानी निकालने के लिए अस्थायी पंप लगाए गए थे।

अधिकारी ने बताया था कि पास के मेहरामपुर इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति के कारण सुरंग में पानी जमा हो गया था, जिसे बाद में निकाल दिया गया।

बाढ़ नियंत्रण आदेश के तहत पीडब्ल्यूडी के पहले के निर्देशों के अनुसार, अंडरपास में पानी छह से आठ इंच तक जमा होने पर जमीनी स्तर की टीमों को तुरंत नियंत्रण कक्ष को सूचना देनी होती है और मोबाइल पंप लगाने होते हैं।

शनिवार को हुई बारिश के कारण आईजीआई हवाई अड्डे से धौला कुआं के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर पानी भर गया।

इसके अलावा पालम हवाईअड्डा सुरंग और संगम विहार में नीम चौक रोड पर भी जलभराव की स्थिति बन गई।

शकरपुर, लक्ष्मी नगर और महरौली-बदरपुर रोड समेत कई अन्य इलाके भी बारिश से प्रभावित रहे।

द्वारका में रोटरी चौक से डीजेबी चौक तक के मार्ग, राधा स्वामी सत्संग भवन से होते हुए ओमैक्स जाने वाली सड़क, डीजेबी रेड लाइट-ओमैक्स रोड और कई सेक्टरों से गुजरने वाली ओमैक्स रोड पर भी पानी जमा हो गया।

एनएच-8 का अंडरपास भी जलभराव से प्रभावित रहा।

जलभराव और आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों के बीच दिल्ली यातायात पुलिस ने कई स्थानों पर यात्रियों को सतर्क किया।

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश