नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के प्रियंका कैंप इलाके में बारिश के पानी के तेज बहाव वाले नाले में बहे 18 वर्षीय किशोर का शव रविवार को आगरा नहर से बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार,भीम कॉलोनी निवासी अंकित का शव दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) और दिल्ली अग्निशमन सेवा की बचाव टीम ने तलाशी अभियान के दौरान दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में आगरा नहर से बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम भारी बारिश के दौरान सरिता विहार थाना क्षेत्र के मदनपुर खादर स्थित प्रियंका कैंप के पास नाले में हुई।
पुलिस के अनुसार, अंकित अपने दोस्त मनीष के साथ नोएडा से घर लौट रहा था, तभी नाला पार करते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बह गया।
घटना की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष को मिलने के बाद तलाश अभियान शुरू किया गया।
भाषा प्रचेता धीरज
धीरज