गोवा में आईआईयूएलईआर परिसर में राष्ट्रीय विधि अकादमी स्थापित होगी: बीसीआई अध्यक्ष

Ads

गोवा में आईआईयूएलईआर परिसर में राष्ट्रीय विधि अकादमी स्थापित होगी: बीसीआई अध्यक्ष

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 07:59 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 07:59 PM IST

पणजी, नौ अगस्त (भाषा) वकीलों के अनिवार्य प्रशिक्षण के लिए प्रस्तावित राष्ट्रीय विधि अकादमी (एनएलए) गोवा में ‘इंडिया इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लीगल एजुकेशन एंड रिसर्च’ (आईआईयूएलईआर) के परिसर में स्थापित की जाएगी। भारतीय विधिज्ञ परिषद (बीसीआई) के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा ने रविवार को यह जानकारी दी।

धारबांदोडा में आईआईयूएलईआर के 2026 बैच के छात्रों के लिए आयोजित ‘प्रबोधन कार्यक्रम’ को संबोधित करते हुए मिश्रा ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के हालिया निर्देश के बाद बीसीआई न्यास द्वारा संचालित विश्वविद्यालय के परिसर में एनएलए स्थापित करने का फैसला लिया गया है।

मिश्रा ने कहा, “करीब दो सप्ताह पहले उच्चतम न्यायालय का एक फैसला आया था। बीसीआई को भोपाल की राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी की तर्ज पर राष्ट्रीय विधि अकादमी (एनएलए) स्थापित करने का निर्देश दिया गया था। यह अकादमी आपके इसी गोवा परिसर में होगी।”

उच्चतम न्यायालय ने पिछले महीने बीसीआई को वकीलों के लिए पूर्णकालिक एनएलए स्थापित करने का निर्देश दिया था। न्यायालय ने कहा था कि कानून के शासन के लिए कानूनी पेशे की स्वतंत्रता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है, जितनी न्यायपालिका की स्वतंत्रता।

मिश्रा ने कहा कि देशभर के वकील प्रस्तावित अकादमी में प्रशिक्षण लेंगे।

उन्होंने कहा, “यह सभी वकीलों के लिए अनिवार्य प्रशिक्षण होगा। यह 10 दिन या दो सप्ताह का पाठ्यक्रम होगा।”

भाषा प्रचेता अमित

अमित