अगरतला, नौ अगस्त (भाषा) त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में भारतीय सीमा में दाखिल हुए एक संदिग्ध बांग्लादेशी तस्कर को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
उनाकोटी जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऋषभ ने बताया कि शनिवार रात ईरानी पुलिस थाने के अंतर्गत मगुरुली क्षेत्र में भारत-बांग्लादेश सीमा पर गश्त के दौरान बीएसएफ जवानों ने संदिग्ध बांग्लादेशी तस्करों के एक समूह की गतिविधि देखी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘जब जवानों ने तस्करों को रुकने की चेतावनी दी, तो उन्होंने घातक हथियारों से जवानों पर हमला करने की कोशिश की। आत्मरक्षा में बीएसएफ कर्मियों ने गोलियां चलाईं, जिसके बाद तस्करों का समूह अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।’
उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान गोलियों से छलनी एक संदिग्ध तस्कर का शव भारतीय सीमा के भीतर पाया गया, जिसकी पहचान बांग्लादेश के मौलवीबाजार जिले के दश्तेकी निवासी तारा मिया (24) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि शव को रविवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। उन्होंने कहा कि सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को ‘बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश’ के माध्यम से मृतक के परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
भाषा सुमित अमित
अमित