दिल्ली : क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन गिरफ्तार

दिल्ली : क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन गिरफ्तार

दिल्ली : क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन गिरफ्तार
Modified Date: June 11, 2026 / 05:22 pm IST
Published Date: June 11, 2026 5:22 pm IST

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) उत्तर पश्चिम दिल्ली पुलिस ने क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने के नाम पर एक शख्स से सवा 15 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

उत्तर पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान कुंदन (34), विपिन कुमार (23) और नवीन (36) के तौर पर हुई है। यह सभी दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले हैं।

उनके मुताबिक, ये तीनों ‘म्यूल’ (कमीशन पर मिलने वाले) बैंक खाते चलाते थे और साइबर ठगी से मिले पैसे को लेने और स्थानांतरित करने के लिए इनका इस्तेमाल करते थे।

उन्होंने बताया कि जिले के साइबर थाने में शालीमार बाग निवासी साई किरण माधवन ने इस साल जनवरी में एक ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने के नाम पर उनसे 15.26 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, जालसाज़ों ने स्वयं को बैंक प्रतिनिधि बताकर उनका विश्वास जीता तथा क्रेडिट कार्ड सीमा बढ़ाने की प्रक्रिया के बहाने उनसे बैंकिंग संबंधी संवेदनशील जानकारी प्राप्त कर ली और फिर उनके खाते से अनधिकृत तौर पर 15.26 लाख रुपये की राशि निकाल ली गई।

यादव ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने पैसा कहां-कहां भेजा गया इसका विश्लेषण किया, जिससे पता चला कि ठगी की राशि को विभिन्न ‘म्यूल’ बैंक खातों के माध्यम से स्थानांतरित किया गया था ताकि अपराध की आय को छिपाया जा सके और पुलिस से बचा जा सके।

जांच टीम ने बैंक खातों का विवरण, केवाईसी दस्तावेज, लेन-देन का पैटर्न, निकासी के स्थान तथा लाभार्थी खातों से जुड़े मोबाइल नंबरों का गहन विश्लेषण किया। इस दौरान आरोपियों की गतिविधियों का क्षेत्र दिल्ली के नजफगढ़ एवं द्वारका में पता चला।

उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपियों को पकड़ लिया गया और उनके पास से सात मोबाइल फोन, तीन एटीएम कार्ड, तीन चेक बुक तथा दो पासबुक बरामद की गई हैं।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में