दिल्ली: गुरु रविदास जयंती पर रविवार को यातायात प्रभावित रहेगा
दिल्ली: गुरु रविदास जयंती पर रविवार को यातायात प्रभावित रहेगा
नयी दिल्ली, 31 जनवरी (भाषा) श्री गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर शोभा यात्रा के मद्देनजर एक फरवरी को मध्य और उत्तर दिल्ली के कुछ हिस्सों में यातायात प्रभावित होने का अनुमान है। दिल्ली यातायात पुलिस के अधिकारियों ने एक परामर्श में यह बात कही।
अधिकारियों ने बताया कि यह शोभा यात्रा श्री गुरु रवि दास जन्मोत्सव समिति (पंजीकृत) द्वारा निकाला जाएगा, जो अपराह्न 2:30 बजे लाल किला मैदान से शुरू होगा और शाम लगभग आठ बजे गुरु रविदास मंदिर, पी एंड टी कॉलोनी, गुरु रविदास मार्ग पर समाप्त होने की उम्मीद है।
अधिकारियों के अनुसार, शोभा यात्रा चांदनी चौक, फतेहपुरी, खारी बावली, सदर बाजार, बारा टूटी चौक, पहाड़ी धीरज, बारा हिंदू राव और डीबीजी रोड से होते हुए समापन स्थल तक पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है और पूरे मार्ग पर वाहनों और पैदल यात्रियों की भारी आवाजाही रहने का अनुमान है।
दिल्ली यातायात पुलिस ने आश्वासन दिया है कि वाहनों की सुचारु आवाजाही और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। हालांकि, आवश्यकतानुसार यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू किए जा सकते हैं।
भाषा
शुभम पारुल
पारुल

Facebook


