नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) बाहरी उत्तरी दिल्ली के बवाना में एक व्यापारी की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने रोहिणी क्षेत्र में कुछ देर की मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ रोहिणी के सेक्टर-34 में हुई, जब पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों के बारे में मिली विशेष सूचना के आधार पर उन्हें रोकने की कोशिश की।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहम्मद इरफान और ऐश्वर्य पांडे बवाना में एक व्यापारी की हत्या में उनकी कथित संलिप्तता सामने आने के बाद करीब एक महीने से फरार थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “जब पुलिस दल ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने कथित तौर पर भागने के प्रयास में गोलीबारी कर दी। इसके बाद पुलिस दल ने जवाबी कार्रवाई की, जिससे दोनों ओर से कुछ देर तक गोलीबारी हुई।”
मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें काबू कर लिया।
पुलिस ने बताया कि उन्हें तुरंत हिरासत में लेकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक पिस्तौल, कई कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
भाषा खारी सुरभि
सुरभि