नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) दिल्ली के खादीपुर में एक सरकारी स्कूल की कक्षा में छत का पंखा गिरने और स्कूल के बाहर जलभराव की घटना को प्रदर्शित करने वाले वायरल वीडियो ने संस्थान में अवसंरचना के रखरखाव संबंधी चिंता बढ़ा दी है। स्कूल का आरोप है कि नागरिक समस्याएं कई सालों से बनी हुई हैं।
कक्षा की घटना को प्रदर्शित करने वाले एक वीडियो में पंखा फर्श पर गिरते हुए दिखाई दिया, जबकि उस समय छात्र वहां मौजूद थे।
दिल्ली शिक्षा विभाग ने आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि पंखा शनिवार को गिरा था और उसी दिन इस समस्या को ठीक कर दिया गया था। विभाग ने यह भी कहा कि इस घटना में कोई छात्र या स्टाफ सदस्य घायल नहीं हुआ।
स्कूल प्रबंधन से जुड़े एक अधिकारी ने आरोप लगाया कि अधिकारियों से बार-बार अनुरोध करने के बावजूद स्कूल परिसर के बाहर जलभराव जैसी अवसंरचना से जुड़ी समस्याएं पिछले तीन सालों से हल नहीं हुई हैं।
अधिकारी ने दावा किया कि हाल ही में हुई बारिश के बाद स्कूल के बाहर पानी जमा हो गया, जिससे छात्रों और स्टाफ को परेशानी हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पढ़ाई खत्म होने के बाद बुधवार शाम तक पानी निकाला गया।
भाषा संतोष सुरेश
सुरेश