दिल्ली में एक्यूआई लगातार दूसरे दिन ‘गंभीर’ श्रेणी में रहा

दिल्ली में एक्यूआई लगातार दूसरे दिन 'गंभीर' श्रेणी में रहा

दिल्ली में एक्यूआई लगातार दूसरे दिन ‘गंभीर’ श्रेणी में रहा
Modified Date: November 12, 2025 / 09:17 pm IST
Published Date: November 12, 2025 9:17 pm IST

नयी दिल्ली, 12 नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता लगातार दूसरे दिन बुधवार को ‘गंभीर’ श्रेणी में रही और दिल्ली की जहरली हवा में पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण का सबसे ज्यादा योगदान रहा।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम चार बजे 418 दर्ज किया गया जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

एक्यूआई के ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचने पर तंदरुस्त व्यक्तियों के लिए भी गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा करता है, तथा श्वसन या हृदय संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों पर भी बुरा प्रभाव डाल सकता है।

निर्णय समर्थन प्रणाली (डीएसएस) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को दिल्ली के पीएम 2.5 सांद्रता में पराली जलाने का योगदान 22.4 प्रतिशत रहा, जो इस सर्दी में फसल के अवशेष जलाने से होने वाले प्रदूषण का सबसे अधिक हिस्सा है।

डीएसएस के आंकड़ों के अनुसार, शहर के बाहर से आने वाले प्रदूषण का हिस्सा 15.5 प्रतिशत रहा।

दिल्ली की हवा की गुणवत्ता इस मौसम में मंगलवार को पहली बार ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंची, जब औसत एक्यूआई 428 दर्ज किया गया।

कई दिनों से ‘बेहद खराब’ रही वायु गुणवत्ता स्थिर मौसम और स्थानीय उत्सर्जन के कारण और बिगड़ गई।

सीपीसीबी वर्गीकरण के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

डीएसएस के अनुमानों के अनुसार, बृहस्पतिवार को पराली जलाने से दिल्ली के पीएम 2.5 स्तर में लगभग 10.1 प्रतिशत का योगदान होने का अनुमान है, जबकि परिवहन से संबंधित उत्सर्जन थोड़ा बढ़कर 19.3 प्रतिशत हो सकता है।

उपग्रह-आधारित आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को पंजाब में 312, हरियाणा में 72 और उत्तर प्रदेश में 322 खेतों में पराली जलाने की घटनाएं हुईं।

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, बृहस्पतिवार से वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है।

वहीं, तापमान में गिरावट जारी रही, बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम था, और अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम था।

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार सुबह हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान लगाया है, और अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 26 और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।

भाषा तान्या नोमान

नोमान


लेखक के बारे में