नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण विश्व के विभिन्न देशों में गैस और डीजल के दाम में काफी वृद्धि होने का उल्लेख करते हुए सोमवार को कहा कि इन परिस्थितियों में सरकार ने आम लोगों को राहत दी है, लेकिन विपक्ष उसकी तारीफ करने के बजाय शिकायत कर रहा है।
उन्होंने लोकसभा में वित्त विधेयक, 2026 पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण अमेरिका, कंबोडिया, वियतनाम, सिंगापुर, दुबई और पड़ोसी देश पाकिस्तान में गैस और डीजल की दरों में कई गुना वृद्धि हुई है।
दुबे ने कहा कि अमेरिका में गैस और डीजल की दरों में 20 प्रतिशत, कंबोडिया में 68 प्रतिशत, वियतनाम में 50 प्रतिशत, सिंगापुर में 16 प्रतिशत, दुबई में 23 प्रतिशत और पाकिस्तान में 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के कार्यालयों में चार दिन ही काम हो रहा है।
भाजपा सांसद ने कहा कि वैश्विक संकट की स्थिति में यदि ‘‘हमने आम लोगों को राहत दी है तो विपक्ष के सदस्य उसकी सराहना करने के बजाय शिकायत कर रहे हैं।’’
उन्होंने विश्व मुद्रा कोष (आईएमएफ) की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि अमेरिका में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर दो प्रतिशत है, चीन में 4.8 प्रतिशत है और जर्मनी में 0.2 प्रतिशत है, वहीं भारत की जीडीपी की वृद्धि दर 6.3 प्रतिशत है।
उन्होंने कहा कि इस बार के बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ‘सिक्युरिटी ट्रांजिक्शन टैक्स’ (एसटीटी) बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि एसटीटी बढ़ाने का उद्देश्य यह है कि शेयर बाजार में गरीबों का पैसा न डूबे।
उन्होंने कहा कि धर्मार्थ न्यास के दुरुपयोग को रोकने के लिए सरकार ने इस विधेयक में प्रावधान किया है।
दुबे ने कहा कि कबाड़ बेचने का कारोबार हर जगह देखने को मिल रहा है, उसे नियंत्रित करने के लिए उस पर कर एक प्रतिशत से बढ़ाकर दो प्रतिशत किया गया है।
भाजपा सांसद ने कहा कि आयकर एवं सीमा शुल्क आदि से जुड़े विवाद में कमी लाने के लिए भी वित्त विधेयक में प्रावधान किया गया है।
भाजपा के ही बसवराज बोम्मई ने कहा कि (1980 के दशक के) ईरान-इराक युद्ध के दौरान तीन दिन के अंदर ही पेट्रोल पंप के बाहर लंबी कतार लग गई थी, लेकिन वर्तमान में पश्चिम एशिया में 22वें दिन भी युद्ध जारी रहने के बावजूद पेट्रोल पंप के आगे कतार देखने को नहीं मिल रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी है तो मैजिक है।’’
भाषा
सुभाष वैभव
वैभव
वैभव