तिरुवनंतपुरम, 15 फरवरी (भाषा) केरलभर में महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार को शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और प्रमुख मंदिरों में तड़के से ही बड़ी संख्या में लोगों का आगमन शुरू हो गया।
भीड़ को देखते हुए प्रमुख मंदिरों में व्यापक व्यवस्थाएं की गईं।
श्रीकंडेश्वरम महादेव मंदिर, चेंगकल महेश्वरम शिव पार्वती मंदिर, वडक्कुन्नाथन मंदिर, अलुवा महादेव मंदिर, वाईकॉम महादेव मंदिर सहित कई मंदिरों में सुबह से लंबी कतारें देखी गईं, जहां श्रद्धालु विशेष पूजा और अनुष्ठानों के लिए पहुंचे।
अलुवा में हजारों श्रद्धालु पेरियार नदी के तट पर विशेष पूजा के लिए इकट्ठा हुए। इसके लिए नदी किनारे अस्थायी मंच बनाए गए और अनुष्ठानों के लिए अतिरिक्त पुजारियों की व्यवस्था की गई।
चेंगकल मंदिर में इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने ‘समूह पोंकाला’ रस्म में भाग लिया। इस रस्म में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुख्यतः महिलाएं एक साथ बैठकर देवी या भगवान को भोग अर्पित करने के लिए विशेष प्रसाद पकाती हैं।
दर्शन व्यवस्था सुचारू रखने के लिए संबंधित मंदिर प्राधिकरणों और देवस्वओम बोर्ड ने भीड़ प्रबंधन, चढ़ावे के अतिरिक्त काउंटर और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सहित कई इंतजाम किए।
प्रमुख मंदिरों के आसपास यातायात नियंत्रण और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए। परंपरा के अनुसार कई श्रद्धालु दिनभर व्रत रखते हैं और रातभर जागकर मंदिर परिसरों में आयोजित भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं।
भाषा खारी शोभना
शोभना