डीजीपी ने ग्राम प्रधान के अपहरण में शामिल एनएससीएन (के) सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी

Ads

डीजीपी ने ग्राम प्रधान के अपहरण में शामिल एनएससीएन (के) सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी

  •  
  • Publish Date - January 24, 2026 / 01:30 PM IST,
    Updated On - January 24, 2026 / 01:30 PM IST

दीमापुर, 24 जनवरी (भाषा) नगालैंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रूपिन शर्मा ने एक ग्राम प्रधान के अपहरण और मारपीट में शामिल एनएससीएन (के) खांगो के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।

उन्होंने कहा कि अगर घटना में शामिल बाकी आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो पुलिस उनका पता लगाएगी।

डीजीपी ने शुक्रवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि संघर्षविराम निगरानी बोर्ड (सीएफएसबी) कार्यालय के आसपास एनएससीएन (खांगो) समूह के कार्यकर्ताओं की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है और पुलिस ने टकराव से बचने के लिए समूह के साथ बातचीत की, जिसके बाद 19 जनवरी को ग्राम प्रधान झीमोमी के अपहरण के संबंध में तीन कार्यकर्ताओं को सौंप दिया गया।

शर्मा ने दोहराया कि किसी भी गुट को कानून और व्यवस्था अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।

डीजीपी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा अवैध गतिविधियों के आरोप थे, तो अपहरण और हिंसा जैसी एकतरफा कार्रवाई का सहारा लेने के बजाय मामले को सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए सीएफएसबी को भेजा जाना चाहिए था।

इस बीच, सीएफएसबी ने बृहस्पतिवार को एनएससीएन (के) खांगो को इस मामले में मुख्य आरोपी के रूप में पहचाने गए सात सदस्यों को सौंपने का आदेश दिया था।

प्रारंभिक पुलिस जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत चूमौकेदिमा स्थित दिफूपर पुलिस थाने में एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।

भाषा गोला नेत्रपाल सुरभि

सुरभि